संडे बाजार अब रेंजर्स ग्राउंड से शिफ्ट, ISBT के पास मेट्रो की भूमि पर लगेगा

डेली देवभूमि,देहरादून : जनहित और शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर लैंसडाउन चौक के निकट रेंजर्स ग्राउंड में लगने वाले रविवार साप्ताहिक बाजार (संडे बाजार) को अब आईएसबीटी के समीप उत्तराखंड मेट्रो रेल लिमिटेड की खाली भूमि पर स्थानांतरित कर दिया गया है।


ट्रैफिक जाम की बढ़ रही थी समस्या
शहर में लंबे समय से संडे बाजार की वजह से भारी ट्रैफिक जाम की समस्या बनी हुई थी। रेंजर्स ग्राउंड में बाजार लगने से लैंसडाउन चौक, दर्शनलाल चौक, बुद्धा चौक, दून अस्पताल चौक और क्रॉस रोड सहित आसपास के इलाकों में वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग के कारण जाम लग जाता था। इससे आम नागरिकों के साथ-साथ दून अस्पताल आने-जाने वाले मरीजों, उनके परिजनों और एम्बुलेंस सेवाओं को भी गंभीर परेशानी होती थी।
लोकहित में उठाए कदम
जिलाधिकारी सविन बंसल ने बुजुर्गों, बच्चों और आपातकालीन सेवाओं पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को देखते हुए बाजार शिफ्ट करने का निर्णय लिया। रविवार वीकली बाजार कल्याण समिति की ओर से भी रेंजर्स ग्राउंड से बाजार हटाकर किसी अन्य स्थान पर शिफ्ट करने का अनुरोध किया गया था। बैठक में चर्चा के बाद डीएम ने लोकहित में यह कदम उठाया।
भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163(1) के तहत जारी आदेश में कहा गया है कि बाजार अब आईएसबीटी के पास उत्तराखंड मेट्रो रेल शहरी अवस्थापना एवं भवन निर्माण निगम लिमिटेड की उस भूमि पर लगेगा, जो उत्तराखंड शासन के आदेश दिनांक 02.03.2023 के तहत देहरादून मेट्रो परियोजना के लिए लीज पर ली गई है और फिलहाल खाली पड़ी है। यह व्यवस्था तब तक रहेगी, जब तक उस भूमि पर मेट्रो से जुड़ा कोई निर्माण कार्य शुरू नहीं हो जाता।
जिला प्रशासन का मानना है कि इस शिफ्टिंग से शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात सुगम होगा और आवश्यक सेवाओं को किसी तरह की बाधा नहीं आएगी।