अल्मोड़ा में गुलदार का आतंक: जाखनदेवी और रानीधारा में रिहायशी इलाकों तक पहुँचा, सीसीटीवी में कैद हुई चहलकदमी

देवभूमि डेली,अल्मोड़ा: शहर के रिहायशी इलाकों में गुलदार की बढ़ती सक्रियता ने स्थानीय निवासियों की नींद उड़ा दी है। अब गुलदार न केवल रात के सन्नाटे में, बल्कि शाम ढलते ही मुख्य बाजारों और लोगों के आंगनों में बेखौफ घूमते नजर आ रहे हैं। शुक्रवार को जाखनदेवी, रानीधारा और पनिउडियार क्षेत्रों में गुलदार की मौजूदगी से हड़कंप मच गया।

​बाल-बाल बचा बाइक सवार

​शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे जाखनदेवी मंदिर के पास एक गुलदार चहलकदमी करता हुआ सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जिस समय गुलदार सड़क पार कर रहा था, उसी दौरान एक बाइक सवार बाजार की ओर आ रहा था। समय रहते गुलदार के निकल जाने से एक बड़ा हादसा टल गया, अन्यथा बाइक सवार पर जानलेवा हमला हो सकता था।

​रानीधारा: घर के आंगन तक पहुँचा खतरा

​वहीं, रात करीब 8:30 बजे रानीधारा क्षेत्र में गुलदार एक घर के आंगन में घूमता देखा गया। पश्चिमी पोखर खाली निवासी अधिवक्ता जगत रौतेला ने बताया कि जब वह काम से लौटकर अपने घर के पास पहुँचे, तो घर से मात्र 50 मीटर की दूरी पर उन्होंने आंगन में गुलदार को टहलते हुए देखा। इस घटना के बाद से पूरे इलाके के लोग दहशत में हैं।

​तड़के पनिउडियार में भी दिखी हलचल

​गुलदार की सक्रियता केवल शाम तक ही सीमित नहीं है। शुक्रवार तड़के भी पनिउडियार क्षेत्र के पास एक गुलदार सीसीटीवी में कैद हुआ है, जो शहर के विभिन्न हिस्सों में इसकी मौजूदगी की पुष्टि करता है।

​प्रशासन से सुरक्षा की मांग

​लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बाद स्थानीय जनता में वन विभाग के खिलाफ रोष है। अधिवक्ता जगत रौतेला सहित अन्य नागरिकों ने जिला प्रशासन और वन विभाग से तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि शाम होते ही बाहर निकलना जान जोखिम में डालने जैसा हो गया है। ग्रामीणों ने प्रभावित क्षेत्रों में पिंजरा लगाने और गश्त बढ़ाने की अपील की है।