चारधाम यात्रा 2026: 19 अप्रैल से शुरू होगी पवित्र यात्रा, बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को खुलेंगे

डेली देवभूमि, नरेंद्र नगर (टिहरी गढ़वाल): उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा 2026 का बिगुल बज गया है। वसंत पंचमी के पावन पर्व पर शुक्रवार को नरेंद्र नगर स्थित राजमहल में राजपुरोहितों द्वारा पंचांग गणना के बाद यात्रा की तिथियों की विधिवत घोषणा की गई। इस वर्ष चारधाम यात्रा का शुभारंभ 19 अप्रैल से होगा।

​अक्षय तृतीया पर खुलेंगे गंगोत्री और यमुनोत्री के कपाट

​परंपरा के अनुसार, चारधाम यात्रा की शुरुआत सबसे पहले यमुनोत्री धाम से होती है। इस वर्ष 19 अप्रैल 2026 को अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। इसी के साथ उत्तराखंड की इस वार्षिक तीर्थयात्रा का औपचारिक आगाज हो जाएगा।

​बदरीनाथ धाम की तिथि और समय निर्धारित

​भगवान विष्णु के आठवें वैकुंठ बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने का समय भी तय कर दिया गया है। राजमहल में हुई घोषणा के अनुसार, बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल 2026 को सुबह 6:15 बजे ब्रह्म मुहूर्त में खोले जाएंगे। कपाट खुलने की तिथि की घोषणा के दौरान राजपरिवार के सदस्यों सहित मंदिर समिति के अधिकारी भी मौजूद रहे।

​केदारनाथ धाम की घोषणा महाशिवरात्रि पर

जहां तीन धामों की तिथियां स्पष्ट हो गई हैं, वहीं बाबा केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि का निर्णय परंपरा के अनुसार महाशिवरात्रि के दिन लिया जाएगा। उखीमठ के ओंकारेश्वर मंदिर में पंचांग गणना के बाद आधिकारिक रूप से केदारनाथ की तिथि घोषित की जाएगी।​श्रद्धालुओं में भारी उत्साहयात्रा की तिथियों के ऐलान के साथ ही देशभर के श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। प्रशासन ने भी तीर्थयात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। अक्षय तृतीया से शुरू होने वाली यह यात्रा इस बार भी रिकॉर्ड संख्या में पर्यटकों और भक्तों के आने की उम्मीद जगा रही है।