ऋषिकेश के बापूग्राम और मीरा नगर को राजस्व ग्राम बनाने की मांग संसद में उठाई

डेली देवभूमि देहरादून : उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने संसद के शून्यकाल में ऋषिकेश के बापूग्राम और मीरा नगर क्षेत्रों को राजस्व ग्राम घोषित करने की पुरजोर मांग की है। उन्होंने केंद्र सरकार का ध्यान इस लंबे समय से लंबित मुद्दे की ओर आकृष्ट करते हुए तत्काल कार्रवाई की अपील की।
भट्ट ने सदन में कहा कि ये दोनों क्षेत्र दशकों से घनी आबादी वाले हैं। 1950 से यहां लोग बसे हुए हैं और 1980 में ही जनसंख्या 50 हजार तक पहुंच चुकी थी। वर्तमान में यहां हजारों परिवार निवास करते हैं, जो नियमित रूप से नगर निगम को करोड़ों रुपये का कर भी जमा करते हैं। इसके बावजूद इन क्षेत्रों को आज तक राजस्व ग्राम का दर्जा नहीं मिल सका है।
इस दर्जे के अभाव में स्थानीय निवासियों को कई गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। भूमि स्वामित्व प्रमाण पत्र नहीं मिल पा रहे हैं, जिससे प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि, सामाजिक सुरक्षा पेंशन जैसी केंद्र एवं राज्य सरकार की कई महत्वपूर्ण योजनाओं का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा। साथ ही विकास कार्यों में भी प्रशासनिक बाधाएं आ रही हैं।
भट्ट ने बताया कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की ओर से इस मुद्दे पर बार-बार अनुरोध किए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने केंद्र सरकार से उत्तराखंड सरकार के साथ समन्वय स्थापित कर इन क्षेत्रों को शीघ्र राजस्व ग्राम घोषित करने के निर्देश जारी करने की मांग की ताकि निवासियों को उनके वैधानिक अधिकार मिल सकें और सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ सुनिश्चित हो सके।
यह मुद्दा ऋषिकेश के इन क्षेत्रों के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जहां लंबे समय से स्थानीय लोग इस मांग को लेकर संघर्षरत हैं। भट्ट की संसद में इस पैरवी से उम्मीद जगी है कि अब इस दिशा में तेजी से कार्रवाई हो सकती है।