धामी सरकार का बड़ा फैसला: राज्य आंदोलनकारियों और शहीदों के आश्रितों की पेंशन में हुई वृद्धि

डेली देवभूमि, देहरादून/चंपावत : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य आंदोलनकारियों और उनके परिवारों को होली का बड़ा तोहफा दिया है। सरकार ने आंदोलन के दौरान शहीद हुए आंदोलनकारियों के आश्रितों और जेल गए या घायल हुए सेनानियों की मासिक पेंशन में वृद्धि को मंजूरी दे दी है। राज्यपाल की स्वीकृति के बाद वित्त विभाग ने इस निर्णय को लागू करने के लिए हरी झंडी दिखा दी है।

​पेंशन की नई दरें:

​शहीद आंदोलनकारियों के आश्रित: राज्य आंदोलन के दौरान शहीद हुए आंदोलनकारियों के आश्रितों को अब तक मिलने वाली 3,000 रुपये की मासिक पेंशन को बढ़ाकर अब 5,500 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है।

​जेल गए और घायल आंदोलनकारी: ऐसे आंदोलनकारी जो आंदोलन के दौरान कम से कम सात दिन जेल में रहे या घायल हुए, उनकी पेंशन में भी 1,000 रुपये की वृद्धि की गई है। उन्हें अब 6,000 रुपये के स्थान पर 7,000 रुपये प्रतिमाह पेंशन दी जाएगी।

​सम्मान और आर्थिक सुरक्षा की पहल

​मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलन हमारे इतिहास का गौरवपूर्ण अध्याय है और शहीदों के परिवारों का सम्मान करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने इस निर्णय को सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बताया, जिससे आंदोलनकारी परिवारों को आर्थिक संबल मिलेगा।

​यह बढ़ी हुई पेंशन चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट प्रावधानों के तहत वितरित की जाएगी। सरकार के इस निर्णय से प्रदेश भर के हजारों आंदोलनकारी परिवारों में हर्ष का माहौल है।