मशहूर यूट्यूबर अनुराग डोभाल (The UK07 Rider) से पूछताछ कर सकती है पुलिस

डेली देवभूमि, गाजियाबाद : दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर रविवार को हुए एक दिल दहला देने वाले हादसे में देश के चर्चित मोटो-व्लॉगर अनुराग डोभाल, जिन्हें ‘The UK07 Rider’ के नाम से जाना जाता है, गंभीर रूप से घायल हो गए। फिलहाल वे गाजियाबाद के एक निजी अस्पताल में उपचाराधीन हैं। जैसे ही डॉक्टर अनुराग डोभाल (यूके 07 राइडर )को फिट घोषित करते हैं तो पुलिस उनसे पूछताछ कर सकती है


​150 किमी/घंटा की रफ्तार और ‘आखिरी राइड’ का रहस्य

​हादसे के वक्त अनुराग की लग्जरी कार की रफ्तार 140 से 150 किमी/घंटा के बीच बताई जा रही है। चश्मदीदों के मुताबिक, एक्सप्रेसवे पर अनियंत्रित होकर कार के परखच्चे उड़ गए। हालांकि, इस घटना ने तब नया मोड़ ले लिया जब पुलिस के संज्ञान में अनुराग का हालिया इंस्टाग्राम लाइव आया।
​हादसे से ठीक पहले अनुराग ने लाइव आकर इसे अपनी “आखिरी राइड” करार दिया था। भावुक होते हुए उन्होंने अपनी मां को संबोधित कर कहा कि “अगले जन्म में भी वही प्यार मिले।” इस बयान के बाद पुलिस अब इसे महज एक दुर्घटना न मानकर ‘आत्महत्या के प्रयास’ के कोण से भी देख रही है।

​जांच के घेरे में ‘पारिवारिक तनाव’

​हादसे से कुछ दिन पहले अनुराग ने एक वीडियो साझा किया था जिसमें उन्होंने अपने माता-पिता और भाई पर मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए थे। पुलिस सूत्रों का कहना है कि व्लॉगर काफी समय से गहरे मानसिक तनाव (डिप्रेशन) से जूझ रहे थे।

​पुलिस की जांच के मुख्य बिंदु:

​मानसिक स्थिति: क्या पारिवारिक कलह ने उन्हें आत्मघाती कदम उठाने पर मजबूर किया?
​लापरवाही: सार्वजनिक सड़क पर 150 की रफ्तार से गाड़ी चलाकर दूसरों की जान जोखिम में डालना।
​बयान का इंतजार: पुलिस अनुराग की स्थिति स्थिर होने का इंतजार कर रही है ताकि आधिकारिक बयान दर्ज किया जा सके।
पुलिस के अनुसार, “फिलहाल प्राथमिकता अनुराग का स्वास्थ्य है। जैसे ही डॉक्टर्स उन्हें बयान देने के लिए फिट घोषित करेंगे, उनसे पूछताछ की जाएगी। उनके सोशल मीडिया वीडियो और पारिवारिक पृष्ठभूमि को जांच का हिस्सा बनाया गया है।