कुलदीप की शादी (KuldeepYadavWedding) में 6000 हजार रुपये की होगी शाही थाली

डेली देवभूम‍ि मसूरी/देहरादून :  भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव अपने जीवन की नई पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं। देवभूमि उत्तराखंड की वादियों में स्थित मसूरी के प्रतिष्ठित और ऐतिहासिक होटल ‘सवाय’ (The Savoy) को इस हाई-प्रोफाइल शादी के लिए पूरी तरह बुक कर लिया गया है। कुलदीप और वंशिका की शादी की रस्में आज, 13 मार्च से शुरू होकर 17 मार्च तक चलेंगी। होटल के भीतर ही भव्य मंडप और संगीत समारोह के लिए विशेष सजावट की गई है। चर्चा है कि मेहमानों के लिए परोसी जाने वाली शाही थाली की कीमत लगभग ₹6000 रखी गई है, जो इस आयोजन की भव्यता को दर्शाती है।

पांच दिवसीय शाही आयोजन का शेड्यूल

विवाह कार्यक्रम पूरी तरह से हिंदू रीति-रिवाजों और पारंपरिक रस्मों के साथ संपन्न होगा:

  • 13 मार्च (आज): हल्दी, हाथ और मंगल स्नान जैसी पारंपरिक रस्मों के साथ कार्यक्रमों का आगाज़ होगा।
  • 14 मार्च: विवाह का मुख्य दिन, जब कुलदीप और वंशिका रात को सात फेरे लेकर वैवाहिक बंधन में बंधेंगे।
  • 17 मार्च: मसूरी में शादी के बाद उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक भव्य रिसेप्शन (प्रीतिभोज) का आयोजन किया जाएगा।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम, पर्यटकों की एंट्री बंद

शादी समारोह को पूरी तरह निजी रखने के लिए सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं। अगले दो दिनों तक होटल सवाय में बाहरी पर्यटकों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। जानकारी के अनुसार, अकेले होटल सवाय में 80 कमरे बुक किए गए हैं, जबकि मेहमानों के ठहरने के लिए जेडब्ल्यू मैरियट और फॉर्चून जैसे अन्य नामी होटलों में भी विशेष व्यवस्था की गई है।

दिग्गज क्रिकेटरों का लगेगा जमावड़ा

इस शाही शादी में करीब 200 खास मेहमानों के शामिल होने की उम्मीद है। क्रिकेट जगत की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या विराट कोहली और कप्तान रोहित शर्मा अपने साथी खिलाड़ी को आशीर्वाद देने मसूरी पहुंचेंगे। सूत्रों के अनुसार, भारतीय टीम के कई वर्तमान और पूर्व क्रिकेटर, बड़े उद्योगपति और बॉलीवुड हस्तियां इस समारोह की रौनक बढ़ा सकती हैं।होटल के भीतर ही भव्य मंडप और संगीत समारोह के लिए विशेष सजावट की गई है।