डेली देवभूमि : मसूरी पहाड़ों की रानी मसूरी में आज भारत के पूर्व प्रधानमंत्री और महान राजनेता भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृतियों को एक नया आयाम मिला। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) द्वारा नगर के प्रसिद्ध अटल उद्यान में स्थापित की गई अटल की भव्य प्रतिमा का विधिवत और गरिमामय लोकार्पण संपन्न हुआ।

23 लाख की लागत से हुआ भव्य निर्माण
लगभग 23 लाख रुपये की लागत से निर्मित यह प्रतिमा न केवल अटल जी के विराट व्यक्तित्व को दर्शाती है, बल्कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनके समर्पण का प्रतीक भी है। प्रतिमा का लोकार्पण मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट द्वारा किया गया। इस विशेष अवसर पर उत्तराखण्ड सरकार के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी की विशिष्ट उपस्थिति रही, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद मसूरी की अध्यक्ष मीरा सकलानी ने की।
समारोह की शुरुआत राष्ट्रगान और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई, जिसके बाद उपस्थित जनसमूह ने अटल जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, स्थानीय नागरिकों और बड़ी संख्या में पर्यटकों ने हिस्सा लेकर इस पल को ऐतिहासिक बनाया।
सांसद महेन्द्र भट्ट ने अपने संबोधन में कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के शिखर पुरुष थे, जिन्होंने संवाद और संवेदनशीलता से देश को एक नई दिशा दी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मसूरी जैसे वैश्विक पर्यटन स्थल पर स्थापित यह प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का एक स्थायी केंद्र बनेगी।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने उत्तराखण्ड राज्य निर्माण में अटल जी के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके दृढ़ संकल्प के कारण ही आज उत्तराखण्ड एक पृथक राज्य के रूप में विकास की राह पर है। उन्होंने इस परियोजना को समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के लिए मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण की प्रशंसा की।
नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि अटल जी का व्यक्तित्व राजनीति से ऊपर उठकर राष्ट्रहित को समर्पित था और यह प्रतिमा मसूरी की सांस्कृतिक गरिमा को और बढ़ाएगी।
मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने बताया कि इस प्रतिमा में अटल जी की सरलता और ओजस्विता को कलात्मक ढंग से उकेरा गया है। इसके साथ ही पार्क का सौंदर्यीकरण भी किया गया है। सचिव मोहन सिंह बर्निया ने लोकार्पण को प्राधिकरण के लिए गौरव का विषय बताया। कार्यक्रम के अंत में प्राधिकरण द्वारा सभी अतिथियों और नागरिकों का आभार व्यक्त किया गया
