डेली देवभूमि : उत्तराखंड के चमोली जिले में वन्य जीवों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। यहाँ लगातार दूसरे दिन भालू ने स्कूली छात्राओं को अपना निशाना बनाया है। ताजा मामला जिला मुख्यालय गोपेश्वर का है, जहाँ राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (GGIC) के समीप स्कूल जा रही छात्राओं पर भालू ने अचानक हमला (BearAttack) कर दिया।

घटना के दौरान भालू के झपट्टे से छात्रा राधिका रावत तो बाल-बाल बच गईं, लेकिन उनके साथ मौजूद दूसरी छात्रा दहशत में भागने के दौरान गंभीर रूप से चोटिल होकर बेहोश हो गई। अचानक हुए इस हमले से मौके पर चीख-पुकार मच गई, जिसके बाद आसपास के लोगों ने छात्राओं की मदद की।
दोनों छात्राओं को तत्काल जिला अस्पताल गोपेश्वर ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार चल रहा है। गौरतलब है कि चमोली में बीते कल भी भालू के हमले (BearAttack) की खबर आई थी, जिसके बाद अब दूसरे दिन हुई इस घटना ने स्थानीय निवासियों और अभिभावकों में भारी डर पैदा कर दिया है। स्कूल के ठीक पास हुए इस हमले से वन विभाग की गश्त और सुरक्षा दावों पर भी सवाल उठ रहे हैं।
