सुखवन्त सिंह आत्महत्या मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 12 पुलिसकर्मियों का तबादला, SIT गठित

डेली देवभूमि देहरादून/ऊधमसिंह नगर:: उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर निवासी सुखवन्त सिंह की आत्महत्या के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने कड़ा रुख अपनाया है। पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के लिए जहाँ एक ओर 12 पुलिसकर्मियों को जिले से हटाकर गढ़वाल रेंज भेज दिया गया है, वहीं दूसरी ओर मामले की जांच के लिए उच्चस्तरीय विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है।

​IG STF के नेतृत्व में होगी जांच

​पुलिस महानिदेशक के निर्देशानुसार, IG STF नीलेश आनन्द भरणे को 5 सदस्यीय SIT का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस टीम में चम्पावत के SP अजय गणपति और टनकपुर की CO वन्दना वर्मा सहित अनुभवी निरीक्षक दीवान सिंह बिष्ट और मनीष खत्री को शामिल किया गया है। टीम को निर्देशित किया गया है कि वे 15 दिनों के भीतर अपनी विस्तृत रिपोर्ट मुख्यालय को सौंपें।

तबादलों से मचा हड़कंप

​जांच प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाए रखने और किसी भी संभावित प्रभाव को रोकने के लिए मुख्यालय ने ऊधमसिंह नगर में तैनात 12 पुलिसकर्मियों का तत्काल प्रभाव से स्थानांतरण कर दिया है। इन सभी को गढ़वाल रेंज के दूरस्थ जनपदों, चमोली और रुद्रप्रयाग में नई तैनाती दी गई है।

​डिजिटल साक्ष्य होंगे अहम

​पुलिस प्रवक्ता सुनील कुमार मीणा ने बताया कि मृतक सुखवन्त सिंह ने आत्महत्या से पहले एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया था और ई-मेल के माध्यम से गंभीर आरोप लगाए थे

​फॉरेंसिक जांच: SIT इन डिजिटल साक्ष्यों (वीडियो और ई-मेल) की बारीकी से फॉरेंसिक जांच कराएगी।

​दोषियों पर कार्रवाई: ई-मेल में नामजद अधिकारियों और स्थानीय व्यक्तियों के विरुद्ध साक्ष्यों के आधार पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।इस कार्रवाई से विभाग ने स्पष्ट संदेश दिया है कि मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही या मिलीभगत बर्दाश्त नहीं की जाएगी।