भिकियासैंण के सैलापानी बैंड के पास बस हादसा: 7 यात्रियों की दर्दनाक मौत, 12 घायल

डेली देवभूमि अल्मोड़ा:  मंगलवार सुबह विनायक क्षेत्र के सैलापानी बैंड के निकट एक भयानक सड़क दुर्घटना ने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया। रामनगर की ओर जा रही कुमाऊं मोटर ऑनर्स यूनियन (केएमओयू) की यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में समा गई। हादसे में सात यात्रियों की मौके पर या अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई, जबकि 12 अन्य यात्री गंभीर रूप से जख्मी हो गए। स्थानीय प्रशासन और राहत टीमों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू कर दिया है।

बस (नंबर यूके 07 पीए 4025) सुबह छह बजे द्वाराहाट के नोबाड़ा से रवाना हुई थी। आठ बजे सैलापानी बैंड के मोड़ पर चालक का नियंत्रण खोने से यह हादसा हुआ। खाई की गहराई के कारण बचाव अभियान में चुनौतियां आईं, लेकिन ग्रामीणों की मदद से ज्यादातर शव और घायलों को बाहर निकाला जा सका। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर डटी रहीं।
घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी भिकियासैंण में भर्ती किया गया है। गंभीर रूप से जख्मी दो यात्रियों को रामनगर रेफर किया गया, जबकि बाकी को एयरलिफ्ट कर ऋषिकिकेश एम्स ले जाने की तैयारी चल रही है। मृतकों के परिजनों को सूचित करने का काम भी तेजी से हो रहा है।
केएमओयू के बस मालिक मोहम्मद अल्ताफ ने बताया कि बस दो महीने पहले खरीदी गई थी, जो 2019 मॉडल की है और सभी कागजात पूरे हैं। चालक नवीन चंद्र और परिचालक प्रकाश नैनवाल सुरक्षित बताए जा रहे हैं। प्रशासन ने हादसे की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।
हादसे में मृतक:
पार्वती देवी (पत्नी गोविंद बल्लभ मठपाल), ग्राम धारवाली, विनायक जमोली।
गोविंद बल्लभ मठपाल, ग्राम धारवाली, विनायक जमोली।
तारा देवी (पत्नी महेश चंद्र), पाली दौला, विनायक भिकियासैंण।
नरेंद्र सिंह सूबेदार (पुत्र गोपाल सिंह), ग्राम जमोली, विनायक भिकियासैंण।
नेपाली गणेश।
नेपाली उमेश।
एक नेपाली नागरिक (शिनाख्त नहीं)।