तेज रफ्तार कार ने तीन लोगों को कुचला, एक की हालत गंभीर

डेली देवभूमि,नैनीताल : उत्तराखंड के नैनीताल शहर में गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। तल्लीताल के फांसी गधेरा इलाके में तेज रफ्तार से आ रही एक कार ने तीन पैदल चल रहे लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत नाजुक बनी हुई है।
घायलों की पहचान हरी नगर निवासी बिहारी लाल, पप्पू और राजेश लाल के रूप में हुई है। ये तीनों सुबह पेंटिंग का काम करने के लिए राज भवन मार्ग पर स्थित आर्मी गेस्ट हाउस जा रहे थे। चढ़ाई पर कार ने अचानक उन्हें चपेट में ले लिया और टक्कर के बाद भी नहीं रुकी, बल्कि तीनों को कुचलते हुए आगे निकल गई।
हादसे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे। उन्होंने बड़ी मुश्किल से कार के नीचे फंसे तीनों घायलों को बाहर निकाला और तुरंत बीडी पांडे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि कार चला रहा शख्स एक पुलिसकर्मी बताया जा रहा है। टक्कर मारने के बाद चालक और उसका साथी कार मौके पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया है और आरोपी चालक व उसके साथी की तलाश शुरू कर दी है।
कोतवाली प्रभारी सीओ रविकांत सेमवाल ने बताया कि घायल बिहारी लाल की हालत गंभीर है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है।