नशा मुक्त देवभूमि: दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बरेली के दो तस्करों समेत तीन गिरफ्तार

डेली देवभूमि,देहरादून/सेलाकुई। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” विजन को धरातल पर उतारने के लिए देहरादून पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ अपना अभियान तेज कर दिया है। एसएसपी देहरादून की सटीक रणनीति का असर अब धरातल पर दिखने लगा है। थाना सेलाकुई पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कामयाबी हासिल करते हुए स्मैक तस्करी के नेटवर्क को तोड़ते हुए बरेली के दो मुख्य तस्करों सहित कुल तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

​12.20 ग्राम स्मैक के साथ दबोचा गया पहला आरोपी

​पुलिस द्वारा चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान शनिवार (28 मार्च) को सेलाकुई पुलिस ने कुर्बान अहमद (निवासी शंकरपुर, सहसपुर) को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उसके पास से 12.20 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत साढ़े तीन लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

​पूछताछ में खुला बरेली कनेक्शन

​गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने कुर्बान अहमद से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने पछवादून क्षेत्र में सक्रिय एक बड़े गिरोह का खुलासा किया। कुर्बान ने बताया कि वह बरेली निवासी मुजम्मिल उर्फ लल्ला शाह और शादाब अली के संपर्क में आया था। इन दोनों ने ही उसे अधिक मुनाफे का लालच देकर तस्करी के धंधे में उतारा था। कुर्बान यह स्मैक स्थानीय नशेड़ियों और शिक्षण संस्थानों के छात्रों को ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में था।

औद्योगिक क्षेत्र से दो अन्य तस्कर गिरफ्तार

​कुर्बान से मिली जानकारी के आधार पर थानाध्यक्ष पी.डी. भट्ट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने घेराबंदी कर औद्योगिक क्षेत्र सेलाकुई से बरेली निवासी दोनों आरोपियों मुजम्मिल और शादाब को गिरफ्तार कर लिया। ये दोनों वर्तमान में सेलाकुई की अकबर कॉलोनी में किराए पर रह रहे थे।

​पुराने अपराधी हैं गिरफ्तार तस्कर

​पुलिस जांच में सामने आया है कि पकड़े गए तीनों आरोपी शातिर अपराधी हैं और पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में जेल जा चुके हैं।शादाब अली के खिलाफ पूर्व में दो एनडीपीएस के मामले दर्ज हैं।मुजम्मिल पर थाना सहसपुर में तस्करी का मामला दर्ज हैकुर्बान अहमद भी पूर्व में दो बार जेल की हवा खा चुका है।

​पुलिस टीम: इस सफल कार्रवाई में थानाध्यक्ष पी.डी. भट्ट, उपनिरीक्षक सुमेर सिंह, प्रवेश रावत, हेड कांस्टेबल नीरज शुक्ला और कांस्टेबल बृजेश शामिल रहे।

​एसएसपी दून का संदेश: नशे के विरुद्ध यह अभियान लगातार जारी रहेगा। किसी भी सूरत में देवभूमि की युवा पीढ़ी को नशे की गर्त में धकेलने वाले बख्शे नहीं जाएंगे