देहरादून में कारोबारी के हत्यारों से पुलिस की मुठभेड़, दो बदमाश पैर में गोली लगने से गिरफ्तार

डेली देवभूमि, देहरादून :तिब्बती मार्केट में बुधवार को गैस एजेंसी मालिक अर्जुन शर्मा की दिनदहाड़े हत्या करने वाले बदमाशों को पुलिस ने गुरुवार तड़के दो अलग-अलग मुठभेड़ों के बाद दबोच लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है। एसएसपी अजय सिंह के नेतृत्व में चलाई गई इस घेराबंदी ने वारदात के महज 24 घंटे के भीतर आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

​जंगल और खंडहर में हुई मुठभेड़

​एसएसपी के निर्देश पर जिले भर में की गई नाकेबंदी के दौरान पहली मुठभेड़ रायपुर थाना क्षेत्र के लाडपुर जंगल में हुई। यहां पुलिस ने जब संदिग्धों को घेरने की कोशिश की, तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षार्थ की गई फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसे तुरंत दून अस्पताल ले जाया गया।
​दूसरी मुठभेड़ लालतप्पड़ क्षेत्र में हुई। यहाँ स्कूटी सवार बदमाश ने पुलिस चौकी पर रुकने के बजाय भागने की कोशिश की और एक खंडहर फैक्ट्री में छिपकर पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

​वारदात का कबूलनामा

​पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में दोनों बदमाशों ने तिब्बती मार्केट के सामने कारोबारी अर्जुन शर्मा की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली है। पुलिस अब उनसे हत्या के पीछे की असल वजह और उनके अन्य सहयोगियों के बारे में गहनता से पूछताछ कर रही है।

​”अपराधियों के लिए देहरादून में कोई जगह नहीं है। घटना के बाद से ही टीमें सक्रिय थीं और घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर हमला किया, जिसके जवाब में यह कार्रवाई हुई।”
— अजय सिंह, एसएसपी देहरादून