राजपाल यादव की मदद के लिए आगे आए सलमान, अजय और डेविड धवन

​राजपाल यादव की मदद के लिए आगे आए सलमान, अजय और डेविड धवन
​डेली देवभूमि,नई दिल्ली: 5 करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले में दिल्ली हाईकोर्ट से राहत न मिलने के बाद अभिनेता राजपाल यादव ने 5 फरवरी को तिहाड़ जेल में सरेंडर कर दिया। इस मुश्किल घड़ी में फिल्म जगत के कई बड़े नाम उनकी सहायता के लिए आगे आए हैं। अभिनेता सलमान खान और अजय देवगन समेत बॉलीवुड की कई प्रमुख हस्तियों ने राजपाल यादव को अपना समर्थन दिया है।
​फिल्म जगत और राजनीतिक गलियारों से मिल रहा समर्थन
​राजपाल यादव के मैनेजर गोल्डी ने पुष्टि की है कि फिल्म निर्माता डेविड धवन और उनके अभिनेता बेटे वरुण धवन ने भी आर्थिक मदद की पेशकश की है। इससे पहले अभिनेता सोनू सूद, गुरमीत चौधरी और जन शक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने भी इस संकट की घड़ी में अपनी ओर से सहायता देने का वादा किया था। वहीं, जेमट्यून्स म्यूजिक के मालिक और संगीत निर्माता राव इंद्रजीत सिंह यादव ने अभिनेता को 1.1 करोड़ रुपये की मदद देने की बात कही है।

​”इंडस्ट्री राजपाल के साथ खड़ी है”

​मैनेजर गोल्डी ने द इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में बताया कि राजपाल यादव की मदद के लिए बहुत से लोग आगे आए हैं। सोनू सूद, सलमान खान और अजय देवगन जैसे कलाकारों ने अपना समर्थन दिया है। अभी मेरी डेविड धवन जी से बात हुई, उन्होंने भी संपर्क किया था। रतन जैन, वरुण धवन… इस बार बहुत से लोग उनकी मदद के लिए हाथ बढ़ा रहे हैं, जिसकी राजपाल जी ने सराहना की है।जब गोल्डी से पूछा गया कि क्या राजपाल यादव ने सरेंडर करने से पहले खुद किसी से मदद मांगी थी, तो उन्होंने इस पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।