मसूरी में 14 मार्च को बचपन की दोस्त वंशिका संग सात फेरे लेंगे कुलदीप यादव

डेली देवभूमि, देहरादून : भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ‘चाइनामैन’ गेंदबाज और विश्व विजेता टीम के अहम सदस्य कुलदीप यादव जल्द ही अपनी जिंदगी की सबसे महत्वपूर्ण पारी शुरू करने जा रहे हैं। अपनी फिरकी से दुनिया के दिग्गज बल्लेबाजों को चकाने वाले कुलदीप आगामी 14 मार्च 2026 को अपनी बचपन की दोस्त वंशिका के साथ विवाह बंधन में बंधेंगे।

​मसूरी की वादियों में होगी शादी, लखनऊ में ‘ग्रैंड’ रिसेप्शन

शादी का मुख्य समारोह उत्तराखंड के मसूरी स्थित एक खूबसूरत रिजॉर्ट में आयोजित किया जाएगा। वैवाहिक रस्में 13 मार्च से हल्दी और मेहंदी के साथ शुरू हो जाएंगी। इसके बाद 17 मार्च को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के प्रतिष्ठित ‘सेंट्रम होटल’ में एक भव्य रिसेप्शन दिया जाएगा।हाल ही में कुलदीप के पिता राम सिंह यादव ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर उन्हें इस शुभ अवसर का निमंत्रण पत्र भी सौंपा है।

कौन हैं कुलदीप की होने वाली दुल्हन?​

कुलदीप की होने वाली पत्नी वंशिका, कानपुर के श्याम नगर की रहने वाली हैं। वह वर्तमान में भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) में कार्यरत हैं। दिलचस्प बात यह है कि दोनों एक-दूसरे को बचपन से जानते हैं। पिछले साल 4 जून 2025 को दोनों ने सगाई की थी, लेकिन क्रिकेट के व्यस्त शेड्यूल और विश्व कप के चलते उन्होंने शादी के लिए अब का समय चुना।

सितारों से सजी होगी महफिल​

इस हाई-प्रोफाइल शादी और रिसेप्शन में खेल, मनोरंजन और राजनीति जगत की बड़ी हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद हैlकुलदीप के पारिवारिक मित्र और उनके बचपन के कोच कपिल देव पांडेय ने बताया कि विवाह समारोह में न केवल भारतीय बल्कि विदेशी क्रिकेटरों के भी शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा शहर के कई प्रतिष्ठित उद्योगपति और कुलदीप के करीबी दोस्त इस खास पल का हिस्सा बनेंगे। विश्व कप की ट्रॉफी उठाने के बाद अब कुलदीप यादव मसूरी की वादियों में सात जन्मों की कसम खाकर अपनी व्यक्तिगत जिंदगी में एक नई और यादगार शुरुआत करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।